
नर्मदापुरम-
मां नर्मदा के पावन तटों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के उद्देश्य से अखिल भारतीय कायस्थ समाज द्वारा रविवार को चित्रगुप्त घाट पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। रविवार रात हुई भारी बारिश के बाद घाट पर बड़ी मात्रा में कीचड़ और कचरा जमा हो गया था, जिसे हटाने के लिए समाज की मातृशक्ति और पुरुष सदस्य सुबह से ही तगाड़ी, फावड़े और झाड़ू लेकर सफाई कार्य में जुट गए।
समाज के सदस्यों ने पूरे घाट की साफ-सफाई कर कचरे को एकत्रित कर डस्टबिन में डाला। उल्लेखनीय है कि कायस्थ समाज की मातृशक्ति पिछले चार वर्षों से लगातार प्रत्येक रविवार को घाटों की सफाई का यह अभियान चला रही है, जो समाज सेवा का प्रेरणादायी उदाहरण बन चुका है।इस अवसर पर सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी एवं समाजसेवी विजय वर्मा ने कहा कि मां नर्मदा की पवित्रता बनाए रखना हम सभी का नैतिक दायित्व है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि नर्मदा में स्नान करते समय साबुन, शैंपू और अन्य रासायनिक पदार्थों का उपयोग न करें तथा पूजन सामग्री और फूल-मालाओं को नदी में प्रवाहित करने के बजाय निर्धारित स्थानों पर ही डालें।विजय वर्मा ने कहा कि चित्रगुप्त घाट प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश में अपनी विशेष पहचान रखता है। अमावस्या, पूर्णिमा और नर्मदा जयंती जैसे अवसरों पर यहां हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसलिए घाटों की स्वच्छता बनाए रखना सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है।रितु श्रीवास्तव ने कहा कि नर्मदा के घाटों से ही हमारे शहर की पहचान है। जब तक प्रत्येक नागरिक स्वच्छता के प्रति जागरूक नहीं होगा, तब तक स्वच्छ और सुंदर घाटों का सपना साकार नहीं हो सकेगा।अभियान में सुमन वर्मा, मंजू श्रीवास्तव, प्रीति खरे, ज्योति वर्मा, अभय वर्मा, मनोज वर्मा, सुनील राय, राजेंद्र श्रीवास्तव, अशोक वर्मा, रश्मि वर्मा सहित समाज के अनेक सदस्य एवं मातृशक्ति उपस्थित रहे।
