भीषण गर्मी में भी मातृशक्ति का जज्बा बरकरार, चित्रगुप्त घाट पर चलाया स्वच्छता अभियान

मां नर्मदा के पावन तटों को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के उद्देश्य से अखिल भारतीय कायस्थ समाज (मातृशक्ति) द्वारा चित्रगुप्त घाट पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बावजूद समाज की महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने पूरे उत्साह के साथ श्रमदान कर सेवा भावना का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया।अभियान के दौरान घाट की सीढ़ियों पर जमी फिसलन भरी काई को साफ किया गया, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित आवागमन में सुविधा मिल सके। साथ ही घाट किनारे फैली पूजन सामग्री, फूल-मालाएं और पुराने फोटो फ्रेम एकत्रित कर डस्टबिन में डाले गए। मातृशक्ति की महिलाओं ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे मां नर्मदा में प्लास्टिक और रसायन युक्त सामग्री का विसर्जन न करें और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग दें।कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष अभय वर्मा ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने लोगों से डस्टबिन का उपयोग करने और सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा करने की अपील की।मातृशक्ति की सदस्य रितु श्रीवास्तव ने बताया कि यह अभियान पिछले कई वर्षों से लगातार चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य नर्मदा घाटों की स्वच्छता के साथ-साथ जन-जागरूकता बढ़ाना है। इस अवसर पर ज्योति वर्मा, प्रीति खरे, मंजू श्रीवास्तव सहित कई महिलाएं एवं अभय वर्मा, विजय वर्मा, राजेन्द्र श्रीवास्तव सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।मां नर्मदा की स्वच्छता ही हमारी पहचान है, इसे बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

Spread the love