
सिवनी मालवा (पवन जाट)
सिवनी मालवा के किराना बाजार में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब हनुमंत मोबाइल दुकान में अचानक आग लग गई। यह घटना सुबह करीब 4:30 बजे की बताई जा रही है। आसपास के लोगों ने सबसे पहले दुकान से उठता धुआं देखा, जिसके बाद तुरंत डायल 112 को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। डायल 112 के पायलट संजय पाल, आरक्षक पूनम बिल्लोरे के साथ दूसरी टीम में पायलट नरेंद्र लौवंशी और आरक्षक सतीश कुमार वर्मा ने तत्काल स्थिति संभाली और फायर ब्रिगेड को बुलाया। पुलिस और दमकल टीम के पहुंचने तक आग तेजी से फैल चुकी थी।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुकान के अंदर से पटाखों जैसी आवाजें आ रही थीं, जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि अंदर रखे इलेक्ट्रॉनिक सामान या बैटरियों में विस्फोट हो रहा था। दुकान के शटर के नीचे से निकलती लपटों को देखकर आसपास के दुकानदारों ने हिम्मत दिखाते हुए शटर खोलकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी भयानक थी कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया।कुछ ही देर में आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया और अंदर रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। इस हादसे में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।आग बुझाने के बाद पास की एक किराना दुकान से भी धुआं उठने लगा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, स्थानीय लोगों की सतर्कता से समय रहते पानी डालकर आग को फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और शॉर्ट सर्किट सहित अन्य संभावित कारणों की पड़ताल की जा रही है।
