
(प्रतीक पाठक नर्मदापुरम)
मां नर्मदा के पावन तटों को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से अखिल भारतीय कायस्थ समाज द्वारा सराहनीय पहल की जा रही है। समाज के सदस्यों द्वारा प्रत्येक रविवार को चित्रगुप्त घाट सहित अन्य घाटों पर नियमित स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य न केवल घाटों की सफाई करना है, बल्कि श्रद्धालुओं को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना भी है।अभियान के दौरान नर्मदा सेवकों ने घाटों और जल के किनारों से फूल-मालाएं, पुरानी पूजन सामग्री और अन्य कचरा एकत्र कर उन्हें कूड़ेदान में डाला। इस अवसर पर नगरपालिका उपाध्यक्ष अभय वर्मा, अध्यक्ष ज्योति वर्मा सहित कई समाजसेवी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।समाजसेवी विजय वर्मा ने कहा कि यह अभियान समाज के लिए प्रेरणास्रोत है और मां नर्मदा की स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। वहीं जिला अध्यक्ष राजेंद्र श्रीवास्तव ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे इस मुहिम में भाग लेकर स्वच्छ और अविरल नर्मदा के संकल्प को साकार करें।
