
(प्रतीक पाठक नर्मदापुरम)
शहर के कमिश्नर कॉलोनी निवासी राजेश चौहान, जो वर्तमान में इटारसी में रह रहे हैं, ने थाना सिटी में उनकी शिकायत दर्ज नहीं किए जाने पर पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में एक लिखित आवेदन देकर पूरी घटना से अवगत कराया है।
राजेश चौहान का आरोप है कि जब वे अपनी शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचे तो उन्हें भगा दिया गया। उनका कहना है कि उनकी पत्नी सरिता अहिरवार, दोनों बेटों और एक अन्य साथी ने उन पर जानलेवा हमला किया था। आरोप है कि हमले के दौरान उनके पास रखे पैसे भी छीन लिए गए और उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में छोड़ दिया गया। साथ ही उनकी गाड़ी भी अपने पास रख ली गई।पीड़ित का कहना है कि वे कई बार थाना सिटी में शिकायत दर्ज कराने गए, लेकिन हर बार उनकी शिकायत नहीं ली गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनकी पत्नी पहले भी कई बार उनके साथ मारपीट कर चुकी है। वहीं, जब उनकी पत्नी शिकायत दर्ज कराने जाती है तो पुलिस तुरंत कार्रवाई करती है, जबकि उनकी शिकायतों को नजरअंदाज किया जा रहा है।राजेश चौहान ने पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और उनकी शिकायत दर्ज करने की मांग की है।
