रसूख की आड़ में सरकारी जमीन और नाले पर कब्जे का आरोप, कलेक्टर से की शिकायत

                      नर्मदापुरम

शहर के प्रमुख और व्यस्त क्षेत्र सतरास्ता में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे और अनियमितताओं का मामला सामने आया है। स्थानीय नागरिक अमित खत्री ने जिला कलेक्टर को शिकायती पत्र सौंपकर पूर्व मंडल अध्यक्ष और भाजपा नेता राजकुमार चौकसे पर सरकारी नजूल भूमि और नाले पर अवैध अतिक्रमण करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत में कहा गया है कि राजनीतिक रसूख का इस्तेमाल कर सरकारी पट्टे की आड़ में हजारों वर्ग फुट जमीन पर कब्जा कर लिया गया है।प्रेस वार्ता में अमित खत्री ने बताया कि भाजपा नेता के पिता स्वर्गीय रतनलाल चौकसे को नजूल शीट नंबर 43, प्लॉट नंबर 16 पर होटल व्यवसाय के लिए केवल 510 वर्ग फुट जमीन का पट्टा आवंटित किया गया था। आरोप है कि वर्तमान में इस स्थान पर करीब 2000 वर्ग फुट से अधिक जमीन पर होटल, दुकान और मेडिकल स्टोर संचालित किए जा रहे हैं, जो पट्टे की शर्तों और नियमों के विपरीत है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि उक्त परिसर के पास नियमों के विपरीत पिछले करीब 15 वर्षों से मेडिकल स्टोर का संचालन किया जा रहा है। यह दुकान मोहित कुमार चौकसे द्वारा संचालित बताई गई है। आरोप है कि उन्होंने एमपी स्टेट फार्मेसी काउंसिल भोपाल से फर्जी तरीके से रजिस्ट्रेशन प्राप्त किया है। शिकायतकर्ता ने इस मामले की जांच कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।इसके अलावा, वर्षों पुराने नाले पर भी पक्का निर्माण कर अतिक्रमण करने का आरोप लगाया गया है। नाले के स्वरूप में बदलाव के कारण बारिश के दौरान सतरास्ता क्षेत्र में जलभराव की समस्या बढ़ जाती है और यातायात भी प्रभावित होता है।
अमित खत्री ने कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध अतिक्रमण हटाने, पट्टे की शर्तों के उल्लंघन पर कार्रवाई करने और शासन को हुए नुकसान की वसूली संबंधित पक्ष से करने की मांग की है। शिकायत की प्रतियां एसडीएम, नजूल अधिकारी, पीडब्ल्यूडी और नगर पालिका को भी भेजी गई हैं।

 

Spread the love