
(प्रतीक पाठक नर्मदापुरम)
शहर और प्रदेश के लिए गर्व का क्षण तब आया जब नर्मदापुरम की खेल अधिकारी उमा पटेल ने ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज वेटलिफ्टिंग एंड पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता चंडीगढ़ में आयोजित की जा रही है, जिसमें देशभर के विभिन्न विभागों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।उमा पटेल ने मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए 63 किलो वर्ग में भाग लिया। इस स्पर्धा में उन्होंने बेहतरीन ताकत और तकनीक का प्रदर्शन करते हुए 93 किलो वजन उठाया और स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। उनके इस शानदार प्रदर्शन के बाद प्रतियोगिता स्थल पर मौजूद खिलाड़ियों और दर्शकों ने “नर्मदे हर” के जयकारे लगाए, जिससे पूरा मैदान गूंज उठा।चंडीगढ़ में आयोजित ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज वेटलिफ्टिंग एंड पावरलिफ्टिंग टूर्नामेंट 2025-26 का आयोजन 5 मार्च से 10 मार्च तक किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों और विभागों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच उमा पटेल ने शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक हासिल कर मध्यप्रदेश का नाम रोशन किया।प्रतियोगिता में पंजाब की खिलाड़ी अनीता ने दूसरा स्थान हासिल कर रजत पदक जीता, जबकि महाराष्ट्र की सोनाली ने तीसरा स्थान प्राप्त करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।उमा पटेल की इस उपलब्धि से नर्मदापुरम शहर सहित पूरे प्रदेश के खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है। खेल विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी उनकी इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। लोगों का कहना है कि उमा पटेल की यह उपलब्धि युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगी।
