खेतों में आग लगाई तो होगी कानूनी कार्रवाई | प्रशासन अलर्ट

सिवनी मालवा (पवन जाट)

सिवनी मालवा, जिला नर्मदापुरम। आगामी रबी फसल की कटाई को देखते हुए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री विजय राय की अध्यक्षता में ब्लॉक स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में तहसील सिवनी मालवा के समस्त हल्का पटवारी, कोटवार, ग्राम पंचायत सचिव, ग्राम रोजगार सहायक, कृषि विभाग का अमला तथा कस्टम हायरिंग सेंटरों के संचालक उपस्थित रहे।बैठक के दौरान एसडीएम श्री राय ने स्पष्ट निर्देश दिए कि क्षेत्र में नरवाई (फसल अवशेष) जलाने की घटनाओं को पूर्णतः प्रतिबंधित किया जाए। उन्होंने मैदानी अमले को ग्राम-ग्राम जाकर चौपाल आयोजित करने और किसानों को नरवाई प्रबंधन के आधुनिक एवं वैज्ञानिक तरीकों की जानकारी देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खेतों में आग लगाना न केवल पर्यावरण और भूमि की उर्वरता के लिए हानिकारक है, बल्कि यह कानूनी अपराध भी है।बैठक में नरवाई के रचनात्मक उपयोग पर विशेष चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि आधुनिक कृषि यंत्रों के माध्यम से फसल अवशेषों का समुचित प्रबंधन किया जाएगा। फसल अवशेषों से भूसा बनाकर उसे स्थानीय गौशालाओं में संग्रहित करने की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए प्रत्येक ग्राम में शासकीय भूमि का चयन कर ‘भूसा संग्रहण केंद्र’ स्थापित किए जाएंगे, जहां किसान भूसा एकत्रित कर सकेंगे। यह भूसा निराश्रित गोवंश और गौशालाओं के लिए चारे के रूप में उपयोग किया जाएगा।साथ ही किसानों को बेलर जैसे उपकरणों से नरवाई के बंडल बनाकर औद्योगिक क्षेत्रों में भेजने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा, जिससे अतिरिक्त आय के अवसर सृजित हो सकें।एसडीएम ने चेतावनी दी कि जागरूकता अभियान के बाद भी यदि कोई नरवाई जलाते पाया गया तो उसके विरुद्ध तत्काल प्रकरण दर्ज कर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी तथा जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने किसानों से शासन के निर्देशों का पालन कर पर्यावरण संरक्षण में सहयोग देने की अपील की।

Spread the love