नर्मदापुरम में अवैध रेत उत्खनन के विरोध में करणी सेना का ज्ञापन, सख्त कार्रवाई की मांग

                प्रतीक पाठक नर्मदापुरम 

जिले में नर्मदा नदी से हो रहे कथित अवैध रेत उत्खनन और परिवहन को लेकर विरोध तेज हो गया है। इस संबंध में करणी सेना के पदाधिकारियों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है। संगठन का आरोप है कि रेत खदानों का संचालन निर्धारित नियमों के विपरीत किया जा रहा है, जिससे शासन को राजस्व हानि के साथ-साथ पर्यावरण को भी नुकसान पहुंच रहा है।करणी सेना के प्रतिनिधियों ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि जिले की कुछ रेत खदानों का संचालन निजी ठेकेदारों द्वारा किया जा रहा है, लेकिन खनन और परिवहन में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही। उनका कहना है कि नर्मदा नदी से निर्धारित सीमाओं से बाहर मशीनों के माध्यम से उत्खनन किया जा रहा है। साथ ही ओवरलोड डंपर और ट्रैक्टर-ट्रॉली बिना उचित जांच के सड़कों पर दौड़ रहे हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि रेत परिवहन के लिए बनाए गए चेक पोस्ट प्रभावी रूप से कार्य नहीं कर रहे हैं। रात के समय अवैध परिवहन की गतिविधियां बढ़ जाती हैं, जिससे स्थानीय ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार भारी वाहनों की आवाजाही से ग्रामीण सड़कों की हालत भी खराब हो रही है।करणी सेना ने प्रशासन से मांग की है कि पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम गठित कर व्यापक जांच कराई जाए तथा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। ज्ञापन सौंपते समय संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अब सभी की नजर जिला प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी है।

Spread the love