नर्मदांचल के आंगन में गूंजा लोणारी कुनबी समाज का शक्ति प्रदर्शन, मेधावियों का हुआ सम्मान

(प्रतीक पाठक नर्मदापुरम)

नर्मदापुरम के पावन खर्राघाट स्थित माता हिंगलाज देवी के प्रांगण में नर्मदांचल क्षत्रिय लोणारी कुनबी समाज विकास समिति का वार्षिक अधिवेशन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। माँ नर्मदा की छत्रछाया में आयोजित इस समारोह में समाज की एकजुटता, शक्ति और सेवा भाव का प्रभावी प्रदर्शन देखने को मिला। कार्यक्रम में सिल्वर मिस्ट रेंटल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के सहयोग से बच्चों को स्कूल बैग वितरित किए गए।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री माननीय सुखदेव पांसे ने दीप प्रज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि लोणारी कुनबी समाज का इतिहास संघर्ष, परिश्रम और पुरुषार्थ से भरा रहा है। आज समाज के बच्चे खेल, शिक्षा और चिकित्सा जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, जो भविष्य के लिए शुभ संकेत है। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली युवा ही समाज की असली विरासत और ताकत हैं।समारोह में समाज के मेधावी युवाओं को सम्मानित किया गया। तैराकी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाले यशवर्धन देशमुख को ‘विशेष गौरव सम्मान’ प्रदान किया गया। वहीं चिकित्सा शिक्षा में चयनित कुमारी लक्ष्मी माथनकर और कुमारी राशि खाड़े को सम्मान पत्र भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।सामाजिक दायित्व के तहत रेड क्रॉस सोसाइटी के डॉ. राजेश महेश्वरी एवं उनकी टीम द्वारा निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया, जिसमें 100 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। साथ ही राष्ट्रीय गायिका सुश्री देशमुख की देशभक्ति एवं आध्यात्मिक गीतों की प्रस्तुति ने वातावरण को भावविभोर कर दिया।समिति अध्यक्ष डॉ. एन.आर. एडलक ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी हेमंत वागद्रे ने की। बैतूल, हरदा, सीहोर सहित विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों समाजजनों की उपस्थिति ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।

Spread the love