जिला चिकित्सालय में गंभीर लापरवाही: ऑपरेशन के बाद महिला को हुआ इंफेक्शन, परिजनों ने लगाए आरोप

           प्रतीक पाठक नर्मदापुरम

जिला चिकित्सालय में इलाज के दौरान लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है। पिपरिया निवासी अमृता पटेल का ऑपरेशन के बाद जिला अस्पताल में उपचार चल रहा था, लेकिन उचित देखरेख के अभाव में टांकों के पास की चमड़ी गल गई और उन्हें गंभीर इंफेक्शन हो गया। पीड़िता के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, अमृता पटेल का 18 जनवरी को ऑपरेशन किया गया था और उन्हें 27 जनवरी तक भर्ती रखा गया। इस दौरान टांकों की स्थिति लगातार बिगड़ती रही और टांकों से पानी निकलने लगा, लेकिन आरोप है कि करीब दस दिनों तक किसी डॉक्टर ने मरीज को नहीं देखा। केवल स्टाफ नर्सों द्वारा इलाज किया जाता रहा और बाद में मरीज को छुट्टी दे दी गई।घर पहुंचने के बाद जब टांके कटवाए गए तो चमड़ी गलने और इंफेक्शन की पुष्टि हुई। इसके बाद 3 फरवरी को अमृता पटेल को निजी एंबुलेंस से पुनः जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। परिजनों का आरोप है कि 6 फरवरी तक भर्ती रहने के बावजूद भी किसी डॉक्टर ने मरीज की समुचित जांच नहीं की।मरीज के पति ने बताया कि मजबूरन उन्हें पत्नी को आईटीआई अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। उनका कहना है कि जिला चिकित्सालय में लापरवाही के चलते कई मरीज परेशान हैं। इस घटना ने एक बार फिर सरकारी अस्पतालों की स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

Spread the love