भोपाल। पुराने शहर में स्थित हमीदिया कन्या विद्यालय की दीवार को मंगलवार को नगर निगम ने गिरा दिया है। जानकारी के अनुसार कन्या पाठशाला की 22 फीट ऊंची यह दीवार बीते छह वर्ष से जर्जर हो रही थी। वह सड़क तरफ पूरी तरह से झुक गई थी। इससे दीवार गिरने के कारण कभी भी हादसा हो सकता था। यह दीवार सड़क से गुजरने वाले लोगों और स्कूल की छात्राओं व स्टाफ के लिए भी खतरा साबित हो सकती थी। इसी के चलते इस दीवार को मंगलवार को नगर निगम द्वारा गिरा दिया गया है।एसडीएम शहर लक्ष्मीकांत खरे ने बताया कि स्कूल की दीवार जर्जर हो चुकी थी। जो कि खतरनाक साबित हो सकती थी। नगर निगम द्वारा दीवार को गिराया गया है।
हमीदिया कन्या पाठशाला की 22 फीट ऊंची जर्जर दीवार को गिराया

यहां पर यह बता दें कि जिस भवन में हमीदिया कन्या पाठशाला का संचालन होता है, उसका निर्माण शाहजहां बेगम के कार्यकाल में वर्ष 1870 में कराया गया था। पहले इस हुमायूं मंजिल कहा जाता था। यहां पर शमला परिवार रहा करता था, यह परिवार जब शमला कोठी चला गया, उसके बाद यहां पर स्कूल शुरू हुआ। इस स्कूल में फिलहाल करीब 225 छात्राएं अध्ययनरत हैं।