
प्रतीक पाठक नर्मदापुरम –
नर्मदांचल नया जीवन कल्याण सेवा समिति द्वारा बुधवार को पीएम श्री जवाहरलाल नवोदय विद्यालय में प्लास्टिक एवं पर्यावरण संरक्षण पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीएफओ मयंक गुर्जर रहे, जबकि अध्यक्षता विद्यालय प्राचार्य काव्या दुबे ने की। वरिष्ठ पत्रकार एवं नर्मदांचल पत्रकार संघ के अध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।कार्यक्रम में बच्चों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों और पर्यावरण संरक्षण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। डीएफओ मयंक गुर्जर ने अपने संबोधन में कहा कि प्लास्टिक न केवल प्रकृति बल्कि मानव स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा है। यह नष्ट नहीं होता और मिट्टी, जल तथा वायु प्रदूषण का प्रमुख कारण बन रहा है। समुद्रों में पहुंच रहा प्लास्टिक समुद्री जीवों के जीवन को भी खतरे में डाल रहा है। उन्होंने हर व्यक्ति से कम से कम एक पेड़ लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की।विशेष अतिथियों ने प्लास्टिक के उपयोग को कम करने, पुन: उपयोग करने और पर्यावरण के लिए अनुकूल विकल्प अपनाने की जरूरत पर बल दिया। उपस्थित बच्चों और शिक्षकों ने प्लास्टिक का उपयोग न करने और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है, जिसे जन-अभियान बनाकर ही सकारात्मक परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।कार्यक्रम के दौरान समिति के संस्थापक दीपक यादव और उनकी टीम द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं पर्यावरणीय कार्यों की सराहना की गई। छात्रों एवं सामाजिक संगठनों ने अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और दैनिक जीवन में कपड़े के थैले अपनाने की अपील की। कहा गया कि छोटे-छोटे बदलाव भी बड़े पर्यावरणीय लाभ दे सकते हैं।