
(प्रतीक पाठक नर्मदापुरम)
बागरातवा रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के पुनः ठहराव और रेक प्वाइंट की स्थापना की मांग को लेकर ब्लॉक कांग्रेस ने रेलवे प्रशासन के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने बताया कि बागरातवा स्टेशन से जुड़े माखननगर सहित लगभग 64 ग्राम पंचायतों के सैकड़ों गांवों की बड़ी आबादी इस स्टेशन पर निर्भर है। बावजूद इसके, यहां प्रमुख ट्रेनों का ठहराव नहीं होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि क्षेत्र के लोगों को न्यायिक कार्यों के लिए जबलपुर स्थित हाई कोर्ट, स्वास्थ्य उपचार हेतु नागपुर, प्रशासनिक व शासकीय कार्यों के लिए राजधानी भोपाल तथा उच्च शिक्षा एवं व्यवसायिक कार्यों के लिए इंदौर आवागमन करना पड़ता है। ऐसे में बागरातवा स्टेशन पर महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव अत्यंत आवश्यक है।ब्लॉक कांग्रेस ने मांग की है कि इंदौर-जबलपुर ओवरनाइट, जबलपुर-अमरावती, सोमनाथ-जबलपुर, इटारसी-बीना मार्ग की ट्रेनों सहित भोपाल-अमरकंटक एक्सप्रेस और श्रीधाम एक्सप्रेस का ठहराव बागरातवा स्टेशन पर सुनिश्चित किया जाए। इससे क्षेत्रीय यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा और समय व धन की बचत होगी।
साथ ही औद्योगिक विकास और कृषि उत्पादन को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर रेक प्वाइंट की स्थापना को भी आवश्यक बताया गया है। रेक प्वाइंट बनने से किसानों और व्यापारियों को अपनी उपज व माल सीधे रेल मार्ग से भेजने की सुविधा मिलेगी, जिससे परिवहन लागत में कमी आएगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।जनप्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।
