पीडब्ल्यूडी रोड निर्माण में लापरवाही? ग्रामीणों का जोरदार विरोध

सिवनी मालवा (पवन जाट)

सिवनी मालवा तहसील के ग्राम बाँकाबेड़ी से बासानिया–झींगनपुर रोड पर निर्माण गुणवत्ता को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क निर्माण में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्य को तत्काल रोकने की मांग की। ग्रामीण मण्डल अध्यक्ष एवं ग्राम बाँकाबेड़ी के सरपंच वरुण पटेल ने मौके पर पहुँचकर ठेकेदार द्वारा बिना धूल-मिट्टी हटाए घटिया सड़क बिछाने का विरोध किया। उनका कहना है कि निर्माण कार्य मानकों के विपरीत और गुणवत्ता हीन रूप से किया जा रहा था, जिसके चलते ग्रामीणों में भारी नाराज़गी है। विरोध बढ़ने पर निर्माण कार्य फिलहाल रोक दिया गया है।यह सड़क पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा बनाई जा रही है, जिसका ठेका याराना कंपनी, भोपाल को दिया गया है। जब इस संबंध में पीडब्ल्यूडी अधिकारियों से बात की गई तो उन्होंने बताया कि विभाग की टीम स्थल निरीक्षण के लिए भेजी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यदि निर्माण में कोई भी कमी पाई जाती है तो उसे तुरंत ठीक कराया जाएगा।वहीं याराना कंपनी ने भी स्वीकार किया कि कार्य में सुधार की आवश्यकता है और आश्वासन दिया कि जल्द ही गुणवत्ता मानकों के अनुरूप सड़क निर्माण कराया जाएगा। अब स्थानीय लोगों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि निरीक्षण के बाद क्या कार्रवाई होती है और सड़क निर्माण में कितनी तेजी से सुधार लाया जाता है।

Spread the love