नर्मदापुरम: मालवीय परिवार की वरिष्ठ मातृशक्ति श्रीमती कांति देवी का निधन, राजघाट पर हुआ अंतिम संस्कार

                   (प्रतीक पाठक नर्मदापुरम)

शहर के सदर बाजार स्थित प्रसिद्ध ओम किराना स्टोर से जुड़े मालवीय परिवार की वरिष्ठ मातृशक्ति श्रीमती कांति मालवीय का शुक्रवार तड़के 1 बजे 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही व्यापारिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।श्रीमती कांति मालवीय अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। उनके पुत्र राजेश, रमेश, उमेश और ओम नारायण मालवीय सहित परिवार के अन्य सदस्य सामाजिक और व्यापारिक क्षेत्र में सक्रिय हैं। समाज के लोगों के अनुसार कांति देवी का स्वभाव अत्यंत धार्मिक, सरल और मिलनसार था, जिसके कारण उन्हें समाज में विशेष सम्मान प्राप्त था।दोपहर 3 बजे उनके निवास से अंतिम यात्रा निकाली गई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई नर्मदा तट स्थित राजघाट पहुंची। यहां उनके पुत्र ओम नारायण मालवीय ने मुखाग्नि दी।अंतिम यात्रा में शहर के कई व्यापारी, समाजसेवी, पत्रकार, अधिवक्ता, जनप्रतिनिधि और मालवीय समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए और श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके निधन को समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है।

 

Spread the love