
(प्रतीक पाठक नर्मदापुरम)
शनिवार को स्थानीय कोठी बाजार स्थित नर्मदांचल पत्रकार भवन में देश के राष्ट्रकवि पंडित माखनलाल चतुर्वेदी की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उपस्थित पत्रकारों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के दौरान नर्मदा अंचल पत्रकार संघ के अध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी ने कहा कि पंडित माखनलाल चतुर्वेदी एक महान कवि, ओजस्वी पत्रकार और स्वतंत्रता सेनानी थे, जिन्हें “एक भारतीय आत्मा” के नाम से भी जाना जाता है। उन्होंने अपने लेखन और विचारों के माध्यम से स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान की तथा देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि पंडित चतुर्वेदी ने पत्रकारिता के क्षेत्र में भी निष्पक्षता, निर्भीकता और समर्पण का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया, जो आज भी पत्रकारों के लिए प्रेरणा स्रोत है। उनकी रचनाएं वर्तमान समय में भी समाज को जागरूक करने और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने का कार्य कर रही हैं। कार्यक्रम में उपस्थित अन्य पत्रकारों ने भी उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला तथा उनके साहित्यिक, सामाजिक और राष्ट्रीय योगदान को स्मरण किया। सभी ने एक स्वर में कहा कि ऐसे महान व्यक्तित्व की जयंती मनाना केवल औपचारिकता नहीं बल्कि उनके आदर्शों को आत्मसात करने का अवसर है। इस अवसर पर प्रफुल्ल तिवारी, विजय कुम्भारे, प्रदीप गुप्ता, पुरुषोत्तम मालवीय, अभिषेक मालवीय, दयाराम फौजदार, हेमंत राजपूत, कन्हैया लाल वर्मा, मनोज सोनी, एच.डी. दीक्षित, गोविंद चौधरी, गोलू अवस्थी, कैलाश श्रीवास सहित अनेक पत्रकार एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे और सभी ने मिलकर राष्ट्रकवि को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
