माया और गड़ा सोना निकालने के नाम पर 1 करोड़ 4 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार साधु की हत्या की मनगढ़ंत कहानी रचकर बुजुर्ग को बनाया शिकार

           प्रतीक पाठक नर्मदापुरम

साईं कृष्णा एस. थोटा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन एवं एसडीओपी जितेंद्र पाठक के निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने माया और गड़ा सोना निकालने के नाम पर की गई 1 करोड़ 4 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी का पर्दाफाश करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।मामले में फरियादी राकेश कुमार वर्मा (63) निवासी मदन कॉलोनी ने आदर्श नगर आईटीआई निवासी अंकित शर्मा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पूर्व में फरियादी का कार चालक रह चुका है। उसने विश्वास जीतकर तंत्र-मंत्र और दफीना (माया) निकालने की कहानियां सुनाईं और घर में खुदाई कर एक पोटली निकालने का नाटक किया। पोटली को बिना खोले पुलिस कार्रवाई का डर दिखाकर फरियादी के घर की तिजोरी में रखवा दिया गया।कुछ दिनों बाद आरोपी ने उज्जैन के कथित महाराज और पुलिस कार्रवाई की मनगढ़ंत कहानी रचकर लाखों रुपये ऐंठ लिए। इतना ही नहीं, साधु की हत्या की झूठी कहानी सुनाकर फरियादी को भयभीत किया गया और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन, नगद राशि तथा गोल्ड लोन के माध्यम से कुल 1,04,14,150 रुपये की ठगी कर ली गई।मामले में थाना कोतवाली नर्मदापुरम में अपराध क्रमांक 156/2026 धारा 308(6), 308(7), 318(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।एसडीओपी जितेंद्र पाठक ने बताया कि अनुसंधान जारी है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love