महाकुंभ में जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए करें समुचित प्रबंध : मुख्यमंत्री

जापान के कोबे से मुख्य सचिव को दूरभाष पर दिये निर्देश

योगेश तिवारी

भोपाल : गुरूवार, जनवरी 30, 2025

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रयागराज में हुई भगदड़ को ध्यान में रखते हुए मुख्य सचिव अनुराग जैन और रीवा संभाग के आयुक्त बीएस जामोद से दूरभाष पर बातचीत की। उन्होंने मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश की सीमा से महाकुंभ में जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए समुचित और प्रभावी व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कुंभ में एक दुखद घटना हुई, जिसमें कई श्रद्धालु काल के गाल में समा गये। परमात्मा उन सभी दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें।प्रयागराज की दुर्घटना में मध्यप्रदेश के भी कुछ श्रद्धालुओं की मृत्यु की जानकारी मिली है। उन्होंने बाबा महाकाल से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने की प्रार्थना की।

उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव से हुई विस्तृत के चर्चा के बाद कहा कि रीवा मार्ग से प्रयागराज जा रहे श्रद्धालुओं की सेवा में प्रशासन पूरी तत्परता से कार्यरत है ,श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है,उन्होंने प्रयागराज में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर शोक व्यक्त करते हुए रीवा मार्ग से प्रयागराज जा रहे सभी श्रद्धालुओं से संयम बनाए रखने की विनम्र अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रशासन उनकी सेवा में पूरी तत्परता से कार्यरत है और हर संभव मदद प्रदान की जा रही है,मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जापान यात्रा के दौरान लगातार प्रशासन से संपर्क में हैं। प्रयागराज महाकुंभ में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना के संदर्भ में उनसे विस्तृत चर्चा की। उन्होंने प्रदेश सरकार की ओर से श्रद्धालुओं को हर संभव सहायता और सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई है। स्थानीय प्रशासन एवं सामान्य जनों के सहयोग से व्यवस्थाओं का सुचारू संचालन किया जा रहा है। प्रदेश सरकार इस स्थिति को लेकर पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है और महाकुंभ में आए श्रद्धालुओं की हर समस्या का समाधान करने के लिए संकल्पित है,हम लगातार स्थानीय प्रशासन से सीधे संपर्क में हैं और स्थिति की बारीकी से निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं को आवश्यक सुविधाएं एवं सहायता प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Spread the love