
(प्रतीक पाठक नर्मदापुरम)
मालाखेड़ी स्थित इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में शुक्रवार को भक्ति, श्रद्धा और परंपरा का अनुपम संगम देखने को मिला। स्थानीय निवासी श्री राजीव कुमार खरे एवं डॉ. ज्योत्सना खरे के सानिध्य में खरे परिवार द्वारा आयोजित सामूहिक रुद्री निर्माण एवं रुद्री पाठ कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित किया। पूरे क्षेत्र में “हर-हर महादेव” के जयघोष गूंजते रहे और वातावरण पूर्णतः शिवमय हो गया।कार्यक्रम की विशेषता सामूहिक रूप से मिट्टी से पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण रही, जिसे धार्मिक परंपरा में रुद्री निर्माण कहा जाता है। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ अपने हाथों से शिवलिंग बनाकर भगवान शिव का पूजन-अर्चन किया। मान्यता है कि पार्थिव शिवलिंग पूजन से मानसिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक बल की प्राप्ति होती है, वहीं सामूहिक पूजन से सामाजिक समरसता भी सुदृढ़ होती है।अनुष्ठान के दौरान विद्वान पंडितों द्वारा रुद्राष्टाध्यायी का सस्वर पाठ किया गया, जिससे पूरा परिसर भक्तिरस में डूब गया। महिलाओं, पुरुषों एवं युवाओं ने एक साथ बैठकर भक्ति भाव से महादेव की आराधना की। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नीतू यादव ने भी सहभागिता की और आयोजन की सराहना करते हुए इसे धार्मिक चेतना के साथ-साथ सामाजिक एकता को मजबूत करने वाला बताया।पूर्णाहुति के पश्चात महाप्रसाद का वितरण किया गया, जिसमें कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन के समापन पर खरे परिवार ने सभी अतिथियों, सहयोगियों और श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। कॉलोनीवासियों का कहना है कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से न केवल संस्कारों का संरक्षण होता है, बल्कि आपसी भाईचारा, सौहार्द और सामुदायिक एकजुटता भी मजबूत होती है।
