सिवनी मालवा थाने में पारदर्शिता को लेकर नगर कांग्रेस का ज्ञापन

सिवनी मालवा (पवन जाट)
नगर कांग्रेस कमेटी सिवनी मालवा द्वारा तहसील कार्यालय में गृहमंत्री मध्यप्रदेश शासन के नाम ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन तहसीलदार नितिन झोड़ को दिया गया। ज्ञापन में नगर की कानून-व्यवस्था एवं पुलिस थाने की कार्यप्रणाली को लेकर आम नागरिकों की गंभीर शिकायतों का उल्लेख किया गया। नगर कांग्रेस ने बताया कि सिवनी मालवा नगर में लगातार यह चर्चा एवं शिकायतें सामने आ रही हैं कि नवागत थाना प्रभारी के पदभार ग्रहण करने के बाद थाना क्षेत्र में शिकायतकर्ताओं एवं आरोपियों से विभिन्न मामलों में अवैध रूप से धन का लेन-देन किया जा रहा है, जिससे आमजन भयभीत एवं परेशान हैं। नगर कांग्रेस का आरोप है कि थाना स्तर पर पारदर्शिता के अभाव के कारण जुआ, सट्टा, अवैध शराब एवं गांजा जैसी गतिविधियां खुलेआम संचालित हो रही हैं, जिससे नगर की कानून-व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। नगर युवक कांग्रेस अध्यक्ष हैरिसन स्वामी ने कहा कि इन गतिविधियों के कारण सामाजिक वातावरण खराब हो रहा है और आम नागरिकों का पुलिस व्यवस्था से विश्वास कमजोर हो रहा है। नगर कांग्रेस अध्यक्ष स्वदेश शर्मा ने कहा कि आम नागरिकों की शिकायतों के लिए जवाबदेही तय किया जाना चाहिए, ताकि कोई भी व्यक्ति शोषण का शिकार न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस का उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष को आरोपित करना नहीं है, बल्कि पुलिस व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही सुनिश्चित करना एवं आमजन का विश्वास बहाल करना है। नगर कांग्रेस ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि सिवनी मालवा थाने में उचित मूल्य की दुकान की तरह किए जाने वाले सभी वैधानिक कार्यों के मूल्य की सूची चस्पा की जाए, थाने की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा थाने में किए जाने वाले सभी वैधानिक कार्यों के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश एवं पारदर्शी व्यवस्था लागू की जाए। इस अवसर पर स्वदेश शर्मा नगर अध्यक्ष कांग्रेस कमेटी, हैरिसन स्वामी अध्यक्ष नगर युवक कांग्रेस, प्रशांत रघुवंशी, श्रीयंस श्रियांश वैष्णव, आयुष केवट, महेंद्र, अभिषेक, कृष्णा गौर, नरेन्द्र मेहरा, युवराज मंडलोई, नितिन एवं हरिओम रघुवंशी सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Spread the love