शादी का सफर बना हादसा | सवारियों से भरी गाड़ी नहर में गिरी

सिवनी मालवा (पवन जाट)
मंगलवार सुबह शिवपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बाबड़िया भाऊ के पास एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। शादी समारोह में शामिल होने जा रहे लोगों से भरी एक तूफान गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नहर में जा गिरी। इस हादसे में कुल 16 लोग घायल हो गए, जिनमें से 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार खंडवा जिले के दग्गड़खेड़ी गांव से कुछ लोग नर्मदापुरम में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए तूफान वाहन से जा रहे थे। सुबह के समय जब वाहन बाबड़िया भाऊ के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रहे एक हार्वेस्टर को बचाने के प्रयास में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते गाड़ी सड़क से उतरकर पास की नहर में पलट गई।हादसे के तुरंत बाद आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद डायल 112 और एम्बुलेंस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल सिवनी मालवा पहुंचाया गया।सिविल अस्पताल में घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार घायलों में से 6 लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय नर्मदापुरम रेफर कर दिया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज सिवनी मालवा अस्पताल में जारी है।घायलों में रिंशी साहू (14), मिथिलेश साहू (40), कमल साहू (70), ओमवती बाई (69), राघव साहू (5), शिवान्या (18 माह), सोनम साहू (30), विजय साहू (58), गीता साहू (50), राजेश (60), सुमन (55), राजूबाई (60), मालती (65), रामभरोस (63), गुलाब सिंह (62) और मुनिया साहू (42) शामिल हैं।घायलों का उपचार कर रहे डॉ. ब्रजेश राजपूत ने बताया कि दुर्घटना में 16 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 6 की स्थिति गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया है। वहीं बाकी घायलों का उपचार सिवनी मालवा में किया जा रहा है।इधर शिवपुर थाना प्रभारी विवेक यादव ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाने में सहयोग किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन चालक ने सामने से आ रहे हार्वेस्टर को बचाने की कोशिश की, जिसके चलते वाहन अनियंत्रित होकर नहर में पलट गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।गनीमत रही कि दुर्घटना के समय नहर में पानी नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि नहर में पानी भरा होता तो जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था।

Spread the love