मातृशक्ति का संकल्प: भीषण गर्मी में भी चित्रगुप्त घाट पर स्वच्छता अभियान

                   प्रतीक पाठक नर्मदापुरम 

मां नर्मदा की पावन धरा को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के उद्देश्य से अखिल भारतीय कायस्थ समाज की मातृशक्ति एवं पदाधिकारियों ने चित्रगुप्त घाट पर वृहद स्वच्छता अभियान चलाया। भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बावजूद समाज के सदस्यों का उत्साह कम नहीं हुआ। सभी ने मिलकर घाट पर फैले कचरे को एकत्रित कर डस्टबिन में डाला और स्वच्छता का संदेश दिया।
इस अभियान में डॉक्टर दिव्य प्रकाश श्रीवास्तव, अध्यक्ष राजेंद्र श्रीवास्तव, नगर पालिका उपाध्यक्ष अभय वर्मा और मातृशक्ति अध्यक्ष ज्योति वर्मा सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इसके अलावा समाज के अनेक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।अध्यक्ष राजेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि मां नर्मदा हम सभी की जीवनदायिनी हैं और उनकी सेवा सबसे बड़ा पुण्य है। उन्होंने मातृशक्ति के समर्पण की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायक बताया। वहीं अभय वर्मा ने बताया कि यह अभियान पिछले तीन वर्षों से लगातार जारी है और अब अन्य समाजों का भी सहयोग मिलने लगा है।कार्यक्रम के अंत में लोगों से घाटों पर स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई।

Spread the love