
(प्रतीक पाठक नर्मदापुरम)
अखिल भारतीय कायस्थ समाज मातृशक्ति द्वारा प्रत्येक रविवार को चित्रगुप्त घाट पर निरंतर स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से मां नर्मदा की निर्मलता बनाए रखने के साथ-साथ घाटों को स्वच्छ और सुंदर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। समाज की महिलाओं और सदस्यों की इस पहल से घाट की साफ-सफाई में सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहा है।रविवार को भी मातृशक्ति के सदस्यों ने चित्रगुप्त घाट पर पहुंचकर घाट के किनारों की सघन सफाई की। अभियान के दौरान घाट के आसपास फैली गंदगी, कचरा और श्रद्धालुओं द्वारा छोड़ी गई पुरानी पूजन सामग्री को एकत्रित कर हटाया गया। किनारों पर फैली फूल-मालाओं और अन्य अपशिष्ट पदार्थों को साफ कर बोरियों में भरकर व्यवस्थित रूप से एकत्रित किया गया, जिससे घाट स्वच्छ और व्यवस्थित नजर आया।इस अवसर पर श्रीमती सुमन वर्मा ने कहा कि मां नर्मदा की सेवा ही हमारी सबसे बड़ी पूंजी है। मां की कल-कल बहती धारा को स्वच्छ बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी को स्वच्छ और अविरल नर्मदा सौंपना हमारा लक्ष्य है। प्रत्येक रविवार को किया जाने वाला यह स्वच्छता अभियान मां नर्मदा के प्रति समाज की श्रद्धा और समर्पण का प्रतीक है।नगर पालिका उपाध्यक्ष अभय वर्मा ने भी श्रमदान करते हुए कहा कि मां नर्मदा हमारे जीवन का आधार हैं और उन्हें प्रदूषण मुक्त रखना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने लोगों से इस स्वच्छता अभियान को जन-आंदोलन बनाने की अपील की।इस मौके पर अखिल भारतीय कायस्थ समाज मातृशक्ति की जिला अध्यक्ष ज्योति अभय वर्मा, सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी विजय वर्मा, अशोक वर्मा, प्रिया श्रीवास्तव, सुमन वर्मा, प्रीति खरे, मनोज वर्मा, मंजू श्रीवास्तव, रश्मि सक्सेना, केशव वर्मा, लालता प्रसाद, शिक्षिका ममता तिवारी सहित समाज के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
