
सिवनी मालवा (पवन जाट)
सिवनी मालवा। जिले के युवाओं को राष्ट्रीय मुद्दों पर अपनी बात रखने का अवसर देने के उद्देश्य से 6 मार्च 2026 को शासकीय कुसुम स्नातकोत्तर महाविद्यालय में जिला स्तरीय ‘विकसित भारत युवा संसद’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में महाविद्यालय एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के बीच औपचारिक रूप से एमओयू (MOU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं।महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार रघुवंशी ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2026 की युवा संसद मुख्य रूप से “विकसित भारत 2047” की परिकल्पना पर केंद्रित रहेगी। कार्यक्रम में जिले के समस्त महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं माय भारत पोर्टल/ऐप के माध्यम से पंजीयन कर भाग ले सकेंगे। 6 मार्च को आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित सर्वश्रेष्ठ 10 प्रतिभागियों को आगामी विधानसभा स्तर पर आयोजित युवा संसद में भाषण देने का अवसर प्रदान किया जाएगा।इस वर्ष युवा संसद की प्रमुख थीम “आपातकाल के 50 वर्ष: भारतीय लोकतंत्र के लिए सबक” तथा राष्ट्रीय पर्यावरण युवा संसद 2026 से संबंधित विषयों पर आधारित रहेगी। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता, नागरिक सहभागिता और नीतिगत चर्चाओं से जोड़ना है, ताकि वे 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकें।कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए सिवनी मालवा क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकारों के साथ विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में डिजिटल मीडिया, प्रिंट मीडिया, ब्रोशर, पोस्टर, होर्डिंग्स, टीवी, रेडियो एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म—फेसबुक, यूट्यूब, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप और वेबसाइट्स—के माध्यम से अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक जानकारी पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा की गई।बैठक में पत्रकार सहित महाविद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा। सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु समन्वित प्रयास करने का आश्वासन दिया।जिला स्तरीय विकसित भारत युवा संसद न केवल युवाओं को राष्ट्रीय मुद्दों पर अपनी अभिव्यक्ति का मंच देगी, बल्कि उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया की गहराई को समझने और भविष्य के नेतृत्व के रूप में स्वयं को तैयार करने का अवसर भी प्रदान करेगी।
