सतवासा–धरमकुंडी मार्ग पर शराब दुकान हटाने की मांग, ग्रामीणों ने एसडीएम को सौंपा आवेदन

सिवनी मालवा (पवन जाट)

सतवासा और धरमकुंडी को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने अनुविभागीय अधिकारी को आवेदन सौंपा है। आवेदन में ग्रामीणों ने बताया कि यह मार्ग क्षेत्र का प्रमुख रास्ता है, जहां से प्रतिदिन महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों, छात्रों और राहगीरों का आवागमन होता है।ग्रामीणों का कहना है कि शराब दुकान के कारण मार्ग पर अक्सर शराबी खड़े रहते हैं, जिससे राह चलने वाली महिलाओं और युवतियों को अशोभनीय टिप्पणियों और अभद्र व्यवहार का सामना करना पड़ता है। इसके साथ ही बच्चों और युवाओं पर भी इसका गलत प्रभाव पड़ रहा है और क्षेत्र का सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा है।आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि सड़क पर शराबियों की मौजूदगी के कारण आए दिन विवाद और झगड़े की स्थिति बनती है, जिससे स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि शराब दुकान को इस मार्ग से हटाकर अन्य सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने पहले भी इस संबंध में शिकायत की थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने प्रशासन से जल्द निर्णय लेने और ग्रामीणों की समस्या का समाधान करने की अपील की है।

Spread the love