पीएम आवास योजना से वंचित ग्रामीणों का जनसुनवाई में हंगामा, नाहरकोला पंचायत पर गंभीर आरोप

सिवनी मालवा (पवन जाट)

ग्राम पंचायत नाहरकोला कलां के देवीपुरा टोला के निवासियों ने आज जनसुनवाई में पहुंचकर अनुविभागीय अधिकारी को ज्ञापन सौंपा और ग्राम पंचायत पर गंभीर आरोप लगाए। ग्रामीणों ने शिकायत करते हुए बताया कि उन्हें शासन की योजना के तहत शासकीय पट्टे प्राप्त हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद ग्राम पंचायत नाहरकोला द्वारा उनके नाम प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में दर्ज नहीं किए जा रहे हैं।ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार सरपंच और सचिव को आवेदन व फार्म भरकर दिए, लेकिन इसके बाद भी उनके नाम योजना में शामिल नहीं किए गए। आरोप है कि जब वे बार-बार सरपंच और सचिव से जानकारी मांगते हैं तो उन्हें टालमटोल किया जाता है और कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया जाता, जिसके कारण वे प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं ले पा रहे हैं।वहीं गांव की महिलाओं ने भी अपनी समस्याएं बताते हुए कहा कि देवीपुरा टोला में शौचालय और नालियों की गंभीर समस्या है, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।ज्ञापन देने वालों में कृपा बाई, लता बाई, संगीता बाई, अनीता बाई, दुर्गा बाई, शीला, प्रेम बाई, राम बाई, छाया, ज्योति, सागर, सुनीता सहित अन्य ग्रामीण शामिल रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाया जाए और पंचायत स्तर पर हो रही लापरवाही पर कार्रवाई की जाए।

Spread the love