
सिवनी मालवा (पवन जाट)
सिवनी मालवा में अधिवक्ता संघ के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर मध्य प्रदेश में एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट को शीघ्र लागू करने की मांग की। ज्ञापन नायब तहसीलदार कीर्ति प्रधान को सौंपा गया। इस दौरान बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे और उन्होंने एकजुट होकर अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की।अधिवक्ताओं ने ज्ञापन में हाल ही में करेरा, जिला शिवपुरी में हुई वरिष्ठ अधिवक्ता संजय कुमार सक्सेना की हत्या का उल्लेख करते हुए इसे न्याय व्यवस्था पर गंभीर हमला बताया। बताया गया कि 14 फरवरी 2026 को न्यायालय जाते समय उन्हें गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे प्रदेशभर के अधिवक्ताओं में भय और आक्रोश का माहौल है।अधिवक्ताओं का कहना है कि इससे पहले भी प्रदेश में कई बार अधिवक्ताओं के साथ मारपीट, धमकी और जानलेवा हमलों की घटनाएं सामने आई हैं, लेकिन आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं होने से अपराधियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था की रीढ़ होते हैं, इसके बावजूद उनकी सुरक्षा के लिए ठोस कानून अभी तक लागू नहीं किया गया है।अधिवक्ता संघ ने सरकार से मांग की कि संजय कुमार सक्सेना की हत्या सहित अधिवक्ताओं पर हुए सभी आपराधिक मामलों की निष्पक्ष और त्वरित जांच कर दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रदेश में जल्द से जल्द अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम लागू किया जाए।ज्ञापन के माध्यम से अधिवक्ताओं ने सरकार से स्पष्ट संदेश दिया कि यदि सुरक्षा के ठोस उपाय नहीं किए गए तो अधिवक्ता समाज आंदोलनात्मक कदम उठाने को मजबूर होगा।
