
सिवनी मालवा (पवन जाट)
वार्ड क्रमांक 09 स्थित शहीद पटेल कॉलोनी के रहवासी तेज आवाज वाले डीजे से परेशान होकर प्रशासन की शरण में पहुंचे। नगर पालिका द्वारा संचालित सरदार वल्लभभाई पटेल मांगलिक भवन से निकलने वाले डीजे के कारण गली नंबर 6 एवं 7 के रहवासियों को लंबे समय से परेशानी हो रही है।कॉलोनी के महिला एवं पुरुष रहवासियों ने जिला कलेक्टर एवं अनुविभागीय अधिकारी के नाम ज्ञापन तहसीलदार शंकर सिंह रघुवंशी को सौंपा। साथ ही नगर पालिका के मुख्य अधिकारी सीएमओ अमर सिंह उईके को भी ज्ञापन देकर मांग की गई कि मांगलिक भवन का रास्ता कॉलोनी की गलियों से हटाकर नगर पालिका की भूमि से दिया जाए तथा गली नंबर 6 एवं 7 में डीजे का पूर्णतः प्रवेश प्रतिबंधित किया जाए।कॉलोनी निवासी रीना लोवंशी ने बताया कि हर शादी समारोह में अत्यधिक तेज ध्वनि में डीजे बजाया जाता है, जिससे हृदय रोग और बीपी के मरीजों को घबराहट और चक्कर जैसी समस्याएं हो रही हैं। वहीं कई छात्र-छात्राओं की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है, खासकर वार्षिक परीक्षाओं के दौरान परेशानी बढ़ जाती है।रहवासियों का आरोप है कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के बावजूद डीजे पर प्रतिबंध का पालन नहीं किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 28 जनवरी 2026 को अधिकारियों को सूचना देकर अपने खर्च से डीजे अवरोधक गेट लगाया गया था, जिसे भवन संचालक एवं कर्मचारियों ने दबाव बनाकर तोड़ दिया।दीपक दीक्षित ने जानकारी दी कि अधिकारियों ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया है और कहा है कि किसी नागरिक को डीजे से परेशानी नहीं होने दी जाएगी।ज्ञापन देने वालों में रीना लोवंशी, सावित्री लोवंशी, विशाल लोवंशी, सरोज लोवंशी, श्याम लोवंशी, दीपक दीक्षित, अनुराधा दीक्षित, किरण गौर, ममता कपूर, शिवाय खेरनार, श्रेया दीक्षित, शिवनारायण रघुवंशी, उर्मिला सोनी, माया राठौर, माया रघुवंशी, अमित शर्मा, राजेश राठौर, महेश लोवंशी, राजेश कपूर, अशोक धाकड़, लखन यादव, नोनीतराम पाल, दीपक सोनी, सुरेश रघुवंशी, सुरेश चौरसिया सहित अनेक रहवासी शामिल रहे।
