नर्मदापुरम पुलिस के सड़क सुरक्षा प्रयासों की सराहना, प्रदेश के टॉप-5 जिलों में शामिल

(प्रतीक पाठक नर्मदापुरम)

पुलिस मुख्यालय भोपाल के पुलिस प्रशिक्षण एवं शोध संस्थान के डीआईजी श्री टी.के. विद्यार्थी ने आज नर्मदापुरम जिले में सड़क दुर्घटनाओं, उनकी रोकथाम तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े नवाचारों की विस्तृत समीक्षा की। पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित बैठक में डीआईजी प्रशांत खरे, पुलिस अधीक्षक श्री साईं कृष्ण एस. थोटा, डीएसपी यातायात श्री संतोष मिश्रा, एसडीओपी श्री जितेंद्र पाठक, निरीक्षक सुनीता पटेल सहित यातायात अधिकारी तथा एनआईसी व एनएचएआई टोल प्लाजा के अधिकारी उपस्थित रहे।समीक्षा में बताया गया कि वर्ष 2025 में दुर्घटनाओं व हताहतों में वृद्धि के बावजूद वर्ष के अंतिम महीनों में नर्मदापुरम पुलिस द्वारा किए गए सघन प्रयासों से दुर्घटना दर में उल्लेखनीय कमी आई है। इसी के चलते नर्मदापुरम को दुर्घटना नियंत्रण में मध्यप्रदेश के टॉप-5 जिलों में शामिल होने पर विशेष सराहना मिली।विगत पाँच वर्षों के थानावार आंकड़ों के आधार पर दुर्घटना-हॉटस्पॉट पर इंजीनियरिंग सुधार, रेडियम साइनेज व अन्य सुरक्षा उपायों के निर्देश दिए गए। ब्लैक-स्पॉट की संख्या तथा गंभीर घटनाओं में आई कमी, CCTNS और eDAR पोर्टल पर समयबद्ध व सटीक डेटा एंट्री के लिए भी जिले की प्रशंसा की गई।डीआईजी श्री विद्यार्थी ने सड़क सुरक्षा हेतु जन-जागरूकता, सोशल मीडिया अभियानों, कैशलेस उपचार, राहवीर योजना के प्रचार-प्रसार, एम्बुलेंस व क्रेन के समन्वित उपयोग, तथा सरकारी-निजी एम्बुलेंस की जियो-टैगिंग जैसे प्रयासों पर संतोष व्यक्त किया। साथ ही यातायात शिक्षा, इंजीनियरिंग सुधार और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं में विभिन्न विभागों के समन्वय को और मजबूत करने के सुझाव दिए।समीक्षा के बाद डीआईजी ने जिले के प्रमुख ब्लैक-स्पॉट एसपीएम रेलवे क्रॉसिंग का निरीक्षण किया, जहां दीर्घकालिक सुधारों से घटनाओं में आई कमी पर संतोष जताया गया। थाना देहात में CCTNS व eDAR एंट्री की स्थिति का प्रत्यक्ष अवलोकन कर स्टाफ से चर्चा की गई और निरंतर मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए।
कुल मिलाकर, नर्मदापुरम पुलिस के सुनियोजित प्रयासों से सड़क सुरक्षा में सकारात्मक बदलाव सामने आया है, जो अन्य जिलों के लिए भी अनुकरणीय है।

Spread the love