सिवनी मालवा (पवन जाट )। नगर में गुरुवार रात विजयादशमी पर्व पर दशहरा उत्सव पारंपरिक उल्लास और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। राम वाटिका के सामने स्थित दशहरा मैदान में रावण दहन देखने हजारों की भीड़ एकत्रित हुई। निर्धारित समय से लगभग दो घंटे देरी से रात 10 बजकर 15 मिनट पर रावण का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया गया।समिति ने रावण दहन का समय रात 8 बजे तय किया था, किंतु तकनीकी कारणों से पुतला तैयार होने में देरी हुई। साथ ही मंच पर नेताओं के संबोधन एवं म्यूजिकल ग्रुप की प्रस्तुति के कारण भी कार्यक्रम खिंच गया। अंततः रामलीला मंचन में श्रीराम स्वरूप द्वारा अग्निबाण चलाने के साथ ही रावण का दहन किया गया और पूरा मैदान “जय श्रीराम” के जयकारों से गूंज उठा।रावण दहन से पूर्व मंच से शानदार आतिशबाजी की प्रस्तुति दी गई। रंग-बिरंगी चिंगारियों से रात का आसमान जगमगा उठा। बच्चे और युवा आतिशबाजी का खूब आनंद उठाते दिखाई दिए। वहीं, रामलीला मंचन में प्रस्तुत राम-रावण युद्ध के जीवंत दृश्य दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रहे।दशहरा मैदान में परिवारों सहित बच्चे, महिलाएँ और बुजुर्ग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। हालांकि, कार्यक्रम में हुई देरी के कारण कई दर्शक रावण दहन से पूर्व ही लौट गए।उत्सव को सुचारू बनाने के लिए नगर प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा की व्यापक व्यवस्था की गई थी। भीड़ नियंत्रण हेतु विशेष पुलिस बल तैनात किया गया।विजयादशमी पर्व पर सिवनी मालवा का दशहरा उत्सव धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत का संगम बन गया। लोगों ने इसे बुराई पर अच्छाई की विजय के प्रतीक रूप में उल्लासपूर्वक मनाया।
सिवनी मालवा में विजयादशमी पर भव्य दशहरा उत्सव, देर रात रावण दहन देखने उमड़ी हजारों की भीड़
