स्वच्छता अभियान में एसडीओपी जितेंद्र पाठक ने किया श्रमदान, बोले— मां नर्मदा की पवित्रता बनाए रखना हम सबकी जिम्मेदारी

                  (प्रतीक पाठक नर्मदापुरम)

शहर की जीवनदायिनी और आस्था की प्रतीक मां नर्मदा की स्वच्छता व पवित्रता बनाए रखने के उद्देश्य से अखिल भारतीय कायस्थ समाज मातृशक्ति द्वारा रविवार को चित्रगुप्त घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान में एसडीओपी श्री जितेंद्र पाठक स्वयं श्रमदान करने पहुंचे और घाट की साफ-सफाई में हिस्सा लिया।

एसडीओपी श्री पाठक ने कहा कि मां नर्मदा शहर की धरोहर ही नहीं, बल्कि विश्व प्रसिद्ध पवित्र नदी है। इसकी स्वच्छता बनाए रखना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने श्रद्धालुओं और नागरिकों से अपील की कि घाटों पर गंदगी न करें, कचरा डस्टबिन में डालें और अनुशासन बनाए रखें। मां नर्मदा में फूल-पत्ती, पूजा सामग्री, पॉलिथीन अथवा किसी भी प्रकार का कचरा प्रवाहित न करें तथा केमिकल का उपयोग न करें, इससे जल प्रदूषित होता है और लोगों को परेशानी होती है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान के दौरान भारी मात्रा में पॉलिथीन कचरा मिला है, जिसे नदी में न डालकर निर्धारित स्थानों पर निस्तारित किया जाना चाहिए। आमंत्रण मिलने पर श्रमदान करने आए एसडीओपी श्री पाठक ने कहा कि इस पुनीत कार्य में भाग लेकर उन्हें आत्मिक संतोष मिला है। उन्होंने सभी नागरिकों से इस अभियान से जुड़ने और घाटों को स्वच्छ रखने की अपील की।

अभियान के दौरान एसडीओपी श्री पाठक ने स्वयं घाट पर झाड़ू लगाई और किनारों पर जमा मलबा हाथों से हटाया। इस अवसर पर मातृशक्ति अध्यक्ष ज्योति वर्मा, सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी विजय वर्मा, अशोक वर्मा, प्रीति खरे, केशव वर्मा, राजेंद्र श्रीवास्तव, मंजू श्रीवास्तव, ममता तिवारी, आर्यन तिवारी, सी.बी. खरे, मनोज वर्मा, लालता प्रसाद, आदित्य दुलारे, सुमन वर्मा, जानकी, ऊषा वर्मा सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।

भारी ठंड और कोहरे में भी जारी है अभियानगौरतलब है कि अखिल भारतीय कायस्थ समाज मातृशक्ति द्वारा विगत कई वर्षों से हर रविवार नर्मदा घाटों पर स्वच्छता अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। बरसात, ठंड या गर्मी—हर मौसम में समाज के लोग घाटों पर पहुंचकर साफ-सफाई करते हैं। सेवानिवृत्त अधिकारी विजय वर्मा ने कहा कि घाटों की स्वच्छता से ही हमारी पहचान जुड़ी है और मां नर्मदा को स्वच्छ रखना हम सभी का कर्तव्य है। समाज के सदस्यों ने शहरवासियों से इस अभियान में जुड़ने और घाटों की नियमित सफाई करने का आवाहन किया।

Spread the love