
सिवनी मालवा (पवन जाट)
सिवनी मालवा क्षेत्र के शिवपुर में किसान विष्णु प्रसाद गुर्जर निवासी बिसोनी कला के साथ साइबर ठगी के साथ-साथ बैंक की लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। बिसौनी कला निवासी किसान विष्णु प्रसाद गुर्जर को कुल मिलाकर करीब एक लाख नब्बे हजार रुपये का नुकसान उठाना पड़ा, जिसमें बैंक स्तर की लापरवाही भी सामने आई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, आठ मार्च को विष्णु प्रसाद के यस बैंक खाते से साइबर ठगों ने करीब एक लाख रुपये निकाल लिए। घटना का पता चलते ही किसान ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए अपने यस बैंक खाते को होल्ड करा दिया, जिससे आगे की निकासी रुक गई।इसके बाद नो मार्च को दोपहर तीन बजकर बीस मिनट पर किसान ने बैंक ऑफ़ महाराष्ट की शिवपुर शाखा में जाकर अपने दूसरे खाते को होल्ड करने के लिए आवेदन दिया। लेकिन आरोप है कि बैंक अधिकारियों ने समय रहते खाते पर होल्ड नहीं लगाया। इसी लापरवाही का फायदा उठाते हुए साइबर ठगों ने उसी दिन रात में खाते से नब्बे हजार रुपये और निकाल लिए।
पीड़ित किसान विष्णु प्रसाद का कहना है कि यदि बैंक कर्मचारी समय पर कार्रवाई करते, तो यह अतिरिक्त नुकसान टाला जा सकता था। इस पूरे घटनाक्रम में बैंक की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं, खासकर तब जब ग्राहक ने समय पर लिखित आवेदन बैंक अधिकारी को देकर खाते को सुरक्षित करने की मांग की थी।प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित को एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप पर एक लिंक (APK फाइल) भेजा गया, जिसे खोलने के बाद उसका मोबाइल पूरी तरह हैक हो गया।आवेदन के मुताबिक, पीड़ित ने बताया कि उसे आरटीओ चालान से संबंधित एक मैसेज प्राप्त हुआ था, जिसमें लिंक के माध्यम से चालान डाउनलोड करने की बात कही गई थी। जैसे ही उसने उस लिंक को डाउनलोड कर खोला, उसके मोबाइल की सभी गतिविधियों पर साइबर ठगों का नियंत्रण हो गया। इसके बाद आरोपी ने मोबाइल और बैंकिंग ऐप्स तक पहुंच बनाकर खाते से क्रमशः कई ट्रांजेक्शन के जरिए रकम निकाल ली।
पुलिस अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक या APK फाइल को डाउनलोड न करें और बैंकिंग से जुड़ी जानकारी किसी के साथ साझा न करें।यह घटना एक बार फिर साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की जरूरत को उजागर करती है।
