सिवनी मालवा हादसा: परिक्रमा वासी की मौत, 3 घंटे पड़ा रहा शव

सिवनी मालवा (पवन जाट)

नर्मदापुरम–हरदा मुख्य मार्ग पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने प्रशासनिक संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। डोलरिया थाना क्षेत्र के ग्राम सोनखेड़ी के पास नर्मदा परिक्रमा कर रहे एक वृद्ध श्रद्धालु को अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक फरार हो गया।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान नंदलाल चंदभान कुशवाहा (निवासी तपाचीपुर ग्राम, हैदरगढ़ तहसील, बसोदा जिला विदिशा) के रूप में हुई है। वे पिछले करीब तीन महीनों से नर्मदा परिक्रमा पर थे और परिजनों के अनुसार उनकी यात्रा पूरी होने में कुछ ही दिन शेष रह गए थे। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था और उनकी परिक्रमा यात्रा बीच में ही समाप्त हो गई।घटना के बाद डायल 112 और डोलरिया पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन मानवता को झकझोर देने वाली स्थिति तब सामने आई जब मृतक का शव लगभग तीन घंटे तक सड़क किनारे पड़ा रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मौके पर पुलिस की गाड़ियां मौजूद थीं, इसके बावजूद शव को अस्पताल भेजने के लिए शव वाहन का लंबा इंतजार कराया गया। इस दौरान राहगीरों और ग्रामीणों ने पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।बगवाड़ा ग्राम पंचायत के सरपंच दैनी राम लोवंशी ने बताया कि हादसे के बाद 108 एम्बुलेंस को भी सूचना दी गई थी, लेकिन एम्बुलेंस करीब दो घंटे की देरी से मौके पर पहुंची। उन्होंने कहा कि यह प्रशासनिक लापरवाही बेहद चिंताजनक है और इस पर जिम्मेदार अधिकारियों को जवाब देना चाहिए।शव को बाद में पोस्टमार्टम के लिए सिवनी मालवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां आवश्यक प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस अज्ञात वाहन चालक की तलाश में जांच कर रही है।यह घटना नर्मदा परिक्रमा यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों पर बड़ा प्रश्नचिह्न लगाती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मुख्य मार्गों पर परिक्रमा वासियों के लिए अलग सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस गश्त और चिकित्सा सुविधा बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की त्रासदी दोबारा न हो।

Spread the love