
(प्रतीक पाठक नर्मदापुरम)
शहर की रिवर व्यू कॉलोनी इन दिनों स्वच्छता, अनुशासन और सामुदायिक सहभागिता की अनूठी मिसाल पेश कर रही है। कॉलोनी को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाने के संकल्प के साथ रहवासियों ने सामूहिक रूप से ‘हर शनिवार–स्वच्छता के नाम’ अभियान की शुरुआत की है, जो अब एक सतत परंपरा का रूप लेता जा रहा है।अभियान के तहत कॉलोनी के सार्वजनिक स्थलों, विशेषकर गार्डन क्षेत्र में सघन सफाई अभियान चलाया गया। नागरिकों ने मिलकर बिखरा कचरा हटाया, झाड़ू लगाई और पौधों की छंटाई कर हरियाली को नया जीवन दिया। गार्डन के सौंदर्यीकरण से न केवल पर्यावरण में सकारात्मक बदलाव आया, बल्कि कॉलोनी की समग्र छवि भी निखरी है।स्थानीय निवासी शिव शंकर पगारे ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य केवल साफ-सफाई तक सीमित नहीं है। उन्होंने कहा कि रिवर व्यू कॉलोनी को शहर की सबसे स्वच्छ और सुंदर बस्ती के रूप में विकसित करना सभी का साझा लक्ष्य है। इस अभियान में युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं, जिससे सामाजिक एकजुटता भी मजबूत हो रही है।कॉलोनी समिति ने कचरा प्रबंधन को लेकर सख्त अनुशासन अपनाने की अपील की है। रहवासियों से आग्रह किया गया है कि कूड़ा केवल डस्टबिन में ही डालें और स्वच्छता को दैनिक आदत बनाएं। समिति का मानना है कि नागरिकों की जागरूकता से ही स्थायी स्वच्छता संभव है।इस पुनीत कार्य में क्षेत्र के कई प्रबुद्ध नागरिकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। प्रमुख रूप से शिव शंकर पगारे, सुनील गुजरवाल, के.एन. त्रिपाठी, संतोष शर्मा, राधेश्याम अरमा, अंकुर बिल्लौरे, राकेश मालवीय, आर.के. पाठक, लोकेश साहू, सुधीर लुटारे, सरिता लुटारे, पूर्णिमा त्रिपाठी, प्रीति खरे, प्रेम अरमा और अनुजा मालवीय शामिल रहे। इन सभी ने न केवल श्रमदान किया, बल्कि अन्य नागरिकों को भी प्रेरित कर स्वच्छता अभियान को जनआंदोलन का रूप देने में अहम भूमिका निभाई।
