नवागत कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने कार्यभार ग्रहण करने से पूर्व सेठानी घाट पर किया मां नर्मदा का पूजन

(प्रतीक पाठक नर्मदापुरम)

जिले के नवागत कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने सोमवार को अपना कार्यभार ग्रहण करने से पहले आस्था और परंपरा का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत करते हुए सेठानी घाट पहुंचकर मां नर्मदा का विधिवत पूजन-अर्चन किया। उन्होंने पूजा के दौरान जिले की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की।कलेक्टर श्री मिश्रा घाट पर पहुंचते ही सबसे पहले मां नर्मदा को नमन किया। इसके पश्चात वेदपाठी ब्राह्मणों द्वारा विधिवत मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई। पूरे वातावरण में भक्ति और श्रद्धा का भाव देखने को मिला। घाट पर उपस्थित लोगों ने भी इस अवसर पर मां नर्मदा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु जैन, एसडीएम पिपरिया श्री आकिप खान तथा सिटी मजिस्ट्रेट श्री देवेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने नवागत कलेक्टर का स्वागत किया और इस धार्मिक आयोजन में सहभागिता निभाई।पूजन के उपरांत कलेक्टर श्री मिश्रा ने घाट पर तैनात होमगार्ड जवानों से चर्चा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। साथ ही साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने को कहा।कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा का यह कदम न केवल उनकी प्रशासनिक जिम्मेदारी को दर्शाता है, बल्कि उनकी सांस्कृतिक और धार्मिक आस्था को भी उजागर करता है। उनके इस कार्य से आमजन में सकारात्मक संदेश गया है और लोगों ने उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व में जिले में विकास और जनहित के कार्यों को नई गति मिलेगी।

 

Spread the love