
प्रतीक पाठक नर्मदापुरम
इटारसी में आयोजित अंडर-14 लेदर बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट में आज युवा खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला, जहां दोनों मुकाबलों में रोमांच चरम पर रहा। पहले मैच में कैडबरी क्रिकेट क्लब के खिलाड़ी कार्तिक ने अपने हरफनमौला खेल से सभी का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने मात्र 57 गेंदों में 112 रनों की विस्फोटक पारी खेलते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। कार्तिक की इस शानदार बल्लेबाजी की बदौलत कैडबरी टीम ने 152 रनों का लक्ष्य खड़ा किया। इसके बाद गेंदबाजी में भी उन्होंने कमाल दिखाते हुए 3 विकेट झटके और ख्याति स्पोर्ट्स को 105 रनों पर ही समेट दिया, जिससे कैडबरी क्रिकेट क्लब ने एकतरफा जीत दर्ज की।
दूसरे मुकाबले में प्रो स्टार क्रिकेट अकादमी और लेटेस्ट विक्टोरियस के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। प्रो स्टार की ओर से अधिराज ने 63 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि अंश चोरे ने 33 रन बनाकर टीम को 130 रनों तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी लेटेस्ट विक्टोरियस की टीम ने संघर्ष जरूर किया, लेकिन अंतिम ओवरों में दबाव में आकर टीम 122 रन ही बना सकी और 8 रनों से मुकाबला हार गई। मैच के दौरान खिलाड़ियों का जोश और खेल भावना सराहनीय रही। अंत में अतिथियों द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
