नगर निगम अंबिकापुर के वार्डों के नए परिसीमन की अधिसूचना छत्तीसगढ राजपत्र में जारी हो गई है। प्रस्तावित परिसीमन का कांग्रेस ने विरोध किया था। कांग्रेसियों की ओर से ही करीब 135 दावा-आपत्तियां निर्धारित तिथि तक जमा कराई गई थी।
इसके अलावा आम लोगों ने भी दावा-आपत्ति की थी। इन आपत्तियों को खारिज करते हुए बड़ी त्रुटियों में सुधार कर परिसीमन की अधिसूचना जारी हो गई। कांग्रेस ने परिसीमन के विरोध में हाईकोर्ट में याचिका भी लगाई है।
नए परिसीमन का प्रकाशन 9 जुलाई को किया गया था
नगर निगम के वार्डों के नए परिसीमन का प्रकाशन 9 जुलाई को किया गया था। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार जनसंख्या 1.25 लाख आबादी को आधार बनाकर किए गए परिसीमन में प्रत्येक वार्ड की औसत जनसंख्या 2612 निर्धारित की गई थी। नए परिसीमन में वार्डों की संख्या जैसी की वैसी रखी गई है, लेकिन वर्ष 2019 में किए गए वार्डों के परिसीमन के विपरीत बड़ी आबादी वाले हिस्सों को काटा और जोड़ा गया है।
दावा आपत्तियों पर सुनवााई नहीं
नगर निगम के वार्डों के परिसीमन में व्यापक खामियां बताकर कांग्रेस ने थोक में दावा आपत्ति लगाई थी। इन दावा आपत्तियों में अधिकांश की सुनवाई नहीं हुई। जो विसंगतियां थीं, उन्हें सुधार लिया गया है। नगर निगम में ग्राम पंचायत डिगमा के क्षेत्र को शामिल कर लिया गया था, जिसे बाहर कर दिया गया है। कलेक्टोरेट बंगला, प्रस्तावित नगर निगम प्रशासनिक भवन सहित जो क्षेत्र छूट गए थे। उन्हें जोड़ दिया गया है।
अधिसूचना प्रकाशन के बाद सुनवाई नहीं
नगर निगम के नए वार्ड परिसीमन का राजपत्र में अधिसूचना 29 जुलाई को प्रकाशित कर दी गई है। अधिसूचना प्रकाशन के बाद इसमें सुनवाई की गुंजाइश समाप्त हो गई है। कांग्रेस ने परिसीमन के स्टे के लिए हाईकोर्ट में याचिका भी लगाई थी, जिस पर निर्णय लंबित है। माना जा रहा है कि अब परिसीमन में कुछ नहीं बदलेगा।
परिसीमन में बदल जाएंगे वार्डों के आरक्षण
नगर निगम के 48 वार्डों में 24 वार्ड अनारक्षित, 12 ओबीसी, 10 एसटी और 2 एससी वार्ड होंगे। परिसीमन के बाद कई वार्डों के आरक्षण बदल जाएंगे। वर्ष 2019 में परिसीमन के बाद वार्ड क्रमांक 13 और 45 एससी वर्ग के लिए आरक्षित थे, लेकिन इस बार वार्ड क्रमांक 13 मंगल पांडेय वार्ड को अनारक्षित कर दिया गया है। वार्ड क्रमांक 33 रामानुज वार्ड के बाबूपारा में झंझटपारा के मतदाताओं को शामिल कर इस वार्ड को एससी कर दिया गया है।