अब होंगे बार एसोसिएशन के चुनाव, जनरल बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया निर्णय

सिवनी मालवा (पवन जाट)
स्थानीय बार एसोसिएशन के बहुप्रतीक्षित चुनाव अब शीघ्र कराए जाएंगे। इसे लेकर अधिवक्ताओं की एक महत्वपूर्ण जनरल बैठक आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से चुनाव कराने का निर्णय लिया गया। बैठक में अधिवक्ताओं ने पूर्व कार्यकारिणी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि निर्धारित समय सीमा के बावजूद चुनाव प्रक्रिया जानबूझकर टाली गई।बैठक में वरिष्ठ अधिवक्ता हजारीलाल गुर्जर ने जानकारी देते हुए बताया कि बार एसोसिएशन के चुनाव की निर्धारित तिथि समाप्त हुए लगभग पाँच माह बीत चुके हैं। जबकि स्टेट बार काउंसिल के स्पष्ट निर्देश हैं कि कार्यकारिणी की समयावधि पूर्ण होते ही तत्काल चुनाव कराए जाएं। इसके बावजूद पूर्व कार्यकारिणी ने इन निर्देशों की अनदेखी करते हुए चुनाव नहीं कराए, जिससे अधिवक्ताओं में भारी असंतोष व्याप्त रहा।उन्होंने बताया कि स्टेट बार काउंसिल द्वारा 17 दिसंबर 2025 को लिखित आदेश जारी कर कार्यकारिणी को 30 दिवस के भीतर चुनाव कराकर सूचना देने के निर्देश दिए गए थे। बावजूद इसके न तो चुनाव प्रक्रिया प्रारंभ की गई और न ही कोई ठोस कदम उठाया गया। इससे अधिवक्ता समुदाय में नाराजगी और रोष बढ़ता गया।इसी असंतोष के चलते आयोजित जनरल बैठक में उपस्थित अधिवक्ताओं ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि बार एसोसिएशन की गरिमा और नियमों की रक्षा हेतु स्वतंत्र चुनाव प्रक्रिया प्रारंभ की जाए।जनरल बैठक में अजीत सिंह राजपूत को मुख्य चुनाव अधिकारी तथा विनय सिम्पी को उप चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया। दोनों अधिकारी आगामी दिनों में चुनाव की तिथि घोषित कर निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से चुनाव संपन्न कराएंगे।अधिवक्ताओं ने उम्मीद जताई कि नई चुनाव प्रक्रिया से बार एसोसिएशन को सशक्त नेतृत्व मिलेगा और संगठनात्मक गतिविधियों को नई दिशा प्राप्त होगी। बैठक में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं की उपस्थिति रही, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि बार के सदस्य अब अपने अधिकारों और नियमों के प्रति सजग हैं।बार एसोसिएशन चुनाव को लेकर शहर के विधिक जगत में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है और सभी की निगाहें अब आगामी चुनावी घोषणा पर टिकी हैं।

Spread the love