मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 की समीक्षा, कोई भी पात्र नागरिक सूची से न छूटे – कमिश्नर

 

सिवनी मालवा (पवन जाट)

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 को लेकर नर्मदापुरम संभाग के कमिश्नर एवं रोल ऑब्जर्वर श्री कृष्ण गोपाल तिवारी ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जनप्रतिनिधियों, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना, राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया, सिवनी मालवा विधायक श्री प्रेमशंकर वर्मा, विधायक प्रतिनिधि नर्मदापुरम श्री दिनेश तिवारी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।बैठक में भारतीय जनता पार्टी से श्री मनोहर बडानी, श्री प्रशांत दीक्षित एवं श्री रूपेश राजपूत, कांग्रेस पार्टी से श्री अनोखे लाल राजोरिया, आम आदमी पार्टी से श्री राकेश कुमार जराठे एवं श्री कासिम अली, बहुजन समाज पार्टी से श्री रामबाबू बरुआ एवं श्री अतुल कुमार, अन्य जनप्रतिनिधि श्रीमती प्रीति पवन शुक्ला, अपर कलेक्टर श्री राजीव रंजन पांडे तथा जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी भी शामिल हुए।कमिश्नर श्री कृष्ण गोपाल तिवारी ने बैठक को संबोधित करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि प्रारूप मतदाता सूची में जिन मतदाताओं की मैपिंग नहीं हुई है, उन्हें 14 फरवरी से पूर्व निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अथवा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा नोटिस जारी किए जाएं और समयबद्ध निराकरण किया जाए।कमिश्नर ने बताया कि सभी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) दो प्रतियों में नोटिस जारी कर भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 13 प्रकार के दस्तावेजों के आधार पर सत्यापन करेंगे। नाम जोड़ने, हटाने एवं संशोधन की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और गंभीरता के साथ की जाएगी। “नो-मैप” मतदाताओं की नियमित सुनवाई सुनिश्चित करने के साथ आवश्यक दस्तावेजों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए।जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना ने जानकारी दी कि गणना चरण पूर्ण होने के पश्चात 23 दिसंबर 2025 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया है। यह सूची जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालयों तथा सभी मतदान केंद्रों पर उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक आम नागरिक नाम जोड़ने, संशोधन अथवा विलोपन के लिए दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत कर सकते हैं।कलेक्टर ने बताया कि प्रारूप सूची के अनुसार जिले में कुल 9 लाख 21 हजार 830 मतदाता दर्ज हैं, जिनमें 4 लाख 77 हजार 709 पुरुष, 4 लाख 44 हजार 91 महिला एवं अन्य मतदाता शामिल हैं। जिले में कुल 1283 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजरों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।अंत में कमिश्नर श्री तिवारी ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से प्रारूप 6, 7 एवं 8 के माध्यम से दावे-आपत्तियों के निराकरण में सक्रिय सहयोग की अपील की। प्रशासन ने नागरिकों से भी आग्रह किया कि वे निर्धारित समय-सीमा में आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सशक्त बनाने में सहयोग करें।

Spread the love