
सिवनी मालवा (पवन जाट)
सिवनी मालवा के ग्राम भांगिया में कृषि पंपों को निशाना बनाकर की जा रही चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। अज्ञात चोरों द्वारा रात के समय खेतों में घुसकर मोटर पंप की केबल एवं स्टार्टर काटकर ले जाने के मामले सामने आए हैं, जिससे सिंचाई व्यवस्था पूरी तरह बाधित हो गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार धियान सिंह यदुवंशी, दिगपाल सिंह भाटी, मोहन यदुवंशी, भारत सिंह भाटी, प्रदीप सिंह सहित कई किसानों के खेतों से कृषि पंप की केबल और स्टार्टर चोरी हुए हैं। चोर मौके पर ही केबल काटकर उसमें से तांबे की तार निकाल लेते हैं, जिससे किसानों को दोहरी क्षति हो रही है—एक ओर सिंचाई रुक रही है, वहीं दूसरी ओर नया सामान खरीदना आर्थिक रूप से कठिन हो गया है।किसानों का कहना है कि वर्तमान समय में तांबे की कीमत अधिक होने के कारण केबल और स्टार्टर की लागत काफी बढ़ गई है। चोरी के चलते फसलों की समय पर सिंचाई नहीं हो पा रही, जिससे उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है। कई किसानों ने बताया कि एक ही रात में कई खेतों को निशाना बनाया गया, जिससे संगठित गिरोह की भूमिका से इनकार नहीं किया जा सकता।ग्रामीणों द्वारा संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी जाए तथा चोरी में शामिल आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं हुआ तो किसानों की आर्थिक स्थिति और अधिक कमजोर हो सकती है, जिसका सीधा असर कृषि उत्पादन पर पड़ेगा।
