(प्रतीक पाठक नर्मदापुरम)
कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में ‘संकल्प से समाधान अभियान’ का शुभारंभ कर दिया गया है। यह अभियान 12 जनवरी से 31 मार्च 2026 तक प्रथम चरण में संचालित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य मध्य प्रदेश शासन के विकसित मध्य प्रदेश के लक्ष्य को साकार करना तथा शासन द्वारा संचालित समस्त जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध रूप से पहुंचाना है।संकल्प से समाधान अभियान ग्राम पंचायत, नगरीय निकाय, तहसील एवं जिला स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत भारत सरकार एवं राज्य शासन की विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं के साथ-साथ अन्य आवश्यक सेवाओं का लाभ निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप पात्र नागरिकों को प्रदान किया जाएगा। अभियान के तहत विशेष शिविरों का आयोजन कर नागरिकों से योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित आवेदन भी प्राप्त किए जा रहे हैं।जिले में अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन कलेक्टर सोनिया मीना के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम), जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) तथा नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) द्वारा अभियान के प्रथम चरण के लिए ग्राम एवं वार्ड स्तरीय समितियों का गठन किया गया है। साथ ही नोडल अधिकारियों की टीमों की तैनाती कर दी गई है, ताकि अभियान का संचालन सुचारु रूप से हो सके।इसके अतिरिक्त जिला पंचायत के सीईओ से समन्वय स्थापित कर अभियान से संबंधित आवश्यक डेटा एंट्री को पोर्टल पर दर्ज कराने के निर्देश भी दिए गए हैं, जिससे प्रगति की निरंतर निगरानी सुनिश्चित की जा सके। अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न स्थानों पर शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचकर योजनाओं का लाभ लेने हेतु आवेदन कर रहे हैं।उल्लेखनीय है कि संकल्प से समाधान अभियान कुल चार चरणों में संचालित किया जाएगा, जो 31 मार्च 2026 तक लगातार जारी रहेगा। प्रथम चरण 12 जनवरी से 31 मार्च 2026 तक चलेगा, जिसके माध्यम से अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का सीधा लाभ दिलाने का लक्ष्य रखा गया है।
कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में प्रारंभ हुआ ‘संकल्प से समाधान अभियान’

